आत्मानंद स्कूल के अंदर चाकूबाजी की घटना, दो नकाबपोश युवकों के प्रवेश से सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल
रायगढ़। चक्रधर नगर क्षेत्र स्थित आत्मानंद स्कूल में उस समय हड़कंप मच गया, जब दो नकाबपोश युवक कथित तौर पर स्कूल परिसर के अंदर प्रवेश कर गए और एक युवक पर चाकू से हमला कर दिया। घटना में एक युवक के घायल होने की जानकारी सामने आई है।
घटना के बाद स्कूल परिसर की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कई गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। सबसे बड़ा सवाल यह है कि दो नकाबपोश युवक स्कूल परिसर के अंदर आखिर प्रवेश कैसे कर गए? क्या स्कूल के मुख्य प्रवेश द्वार पर सुरक्षा की पर्याप्त व्यवस्था नहीं थी? क्या आने-जाने वालों की निगरानी की जा रही थी? इन सवालों का जवाब अब स्कूल प्रबंधन और संबंधित जिम्मेदार अधिकारियों से मांगा जा रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि हमलावर कौन थे, वे स्कूल परिसर में किस उद्देश्य से पहुंचे और घटना के पीछे की वास्तविक वजह क्या थी।
वहीं, इस घटना ने शहर में स्कूलों की सुरक्षा व्यवस्था पर एक बार फिर चर्चा छेड़ दी है। गौरतलब है कि कुछ वर्ष पहले संजय मैदान के पास स्थित एक स्कूल में भी इसी तरह की घटना सामने आई थी। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि पिछली घटनाओं से सबक लेने के बाद भी स्कूल परिसरों की सुरक्षा व्यवस्था में अपेक्षित सुधार क्यों नहीं हो पाया?
अब देखना होगा कि पुलिस जांच में इस घटना को लेकर क्या तथ्य सामने आते हैं और स्कूल परिसर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जिम्मेदार अधिकारियों की ओर से क्या कदम उठाए जाते हैं।