काम दिलाने का झांसा देकर लड़कियों को ले गए, कर दिया दुष्कर्म, आरोप 3 गिरफ्तार
कांकेर। जिले के बड़गांव थाना क्षेत्र में दो लड़कियों के शोषण से जुड़े गंभीर मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) और पॉक्सो एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर जांच की जा रही है। पुलिस के अनुसार, 25 अगस्त 2026 को एक व्यक्ति ने थाना बड़गांव में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसकी नाबालिग पुत्री और उसकी घर से कहीं चली गई हैं।
परिजनों ने दोनों बालिकाओं की तलाश स्कूल, आसपास के क्षेत्रों और रिश्तेदारों के यहां की, लेकिन उनका पता नहीं चल सका। इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई और पुलिस ने बालिकाओं की तलाश शुरू की। विवेचना के दौरान 27 अगस्त को दोनों लड़की सकुशल घर वापस आने की जानकारी पुलिस को मिली। सूचना मिलते ही बड़गांव पुलिस की टीम उनके घर पहुंची और आवश्यक पूछताछ एवं वैधानिक कार्रवाई शुरू की। पूछताछ के दौरान बालिकाओं ने पुलिस को बताया कि वे दोनों काम की तलाश में बस से केवटी गई थीं। पुलिस के मुताबिक, वहां उनकी मुलाकात आरोपी पुनीत जैन और व्यंकटेश्वर नायक से हुई। दोनों आरोपियों ने काम दिलाने का आश्वासन देकर बालिकाओं को भानुप्रतापपुर ले जाने की बात सामने आई। इसके बाद उन्हें ग्राम कर्रेगांव ले जाया गया।
पुलिस विवेचना में आरोप है कि आरोपियों और उनके साथी कन्हैया दास वैष्णव द्वारा दोनों लड़की के साथ दुष्कर्म किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल आरोपियों की तलाश शुरू की। पुलिस अधीक्षक कांकेर निखिल राखेचा के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पखांजूर राकेश कुर्रे के मार्गदर्शन तथा अनुविभागीय अधिकारी पुलिस पखांजूर कुलदीप बंजारे के पर्यवेक्षण में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने आरोपियों के संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी।
पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को उनके निवास से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान व्यंकटेश्वर नायक पिता रविंद्र नायक, उम्र 22 वर्ष, पुनीत जैन पिता गोरेलाल जैन, उम्र 21 वर्ष और कन्हैया दास वैष्णव पिता गोविन्द दास वैष्णव, उम्र 30 वर्ष के रूप में हुई है। तीनों आरोपी ग्राम कर्रेगांव, थाना सिकसोड़, जिला कांकेर के निवासी बताए गए हैं।