चक्रधर समारोह की कलाकार चयन समिति पर सवाल
सूत्रों के दावे के मुताबिक शुरुआत में हुई सिर्फ एक बैठक, इसके बाद बैठक हुई या नहीं—सवाल बरकरार
रायगढ़। जिले के प्रतिष्ठित चक्रधर समारोह में कलाकारों के चयन को लेकर अब सवाल उठने लगे हैं। सबसे बड़ा सवाल यह है कि कलाकार चयन समिति की बैठक आखिर कितनी बार हुई?
सूत्रों के अनुसार, कलाकार चयन समिति की शुरुआत में केवल एक बैठक आयोजित किए जाने की जानकारी सामने आ रही है। इसके बाद समिति की कोई बैठक हुई या नहीं, इसे लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है। हालांकि, इस संबंध में आधिकारिक जानकारी सामने आना अभी बाकी है।
दूसरा सवाल यह है कि कलाकार चयन समिति का गठन आखिर किसके द्वारा और किस प्रक्रिया के तहत किया गया? समिति में शामिल सदस्यों की जानकारी और उनकी भूमिका को लेकर भी सार्वजनिक रूप से स्पष्ट जानकारी उपलब्ध नहीं होने की बात कही जा रही है।
बताया जा रहा है कि चयन समिति में अधिकतर सदस्य शासकीय अधिकारी हैं। ऐसे में सवाल यह भी उठता है कि चक्रधर समारोह जैसे राष्ट्रीय स्तर के सांस्कृतिक आयोजन में कलाकारों के चयन की प्रक्रिया कितनी व्यापक, पारदर्शी और कला क्षेत्र के विशेषज्ञों की भागीदारी वाली है?
हर वर्ष देश के अलग-अलग हिस्सों से कलाकार चक्रधर समारोह में प्रस्तुति देने पहुंचते हैं। ऐसे में कलाकारों के चयन की प्रक्रिया को लेकर स्पष्टता और पारदर्शिता बेहद महत्वपूर्ण हो जाती है।
अब सवाल यह है कि—
कलाकार चयन समिति में कौन-कौन सदस्य हैं?
समिति का गठन किसने किया?
अब तक समिति की कितनी बैठकें हुई हैं?
क्या शुरुआत में हुई बैठक के बाद दोबारा समिति की बैठक बुलाई गई?
और सबसे अहम—कलाकारों के चयन के लिए तय प्रक्रिया क्या है?
इन सवालों पर आयोजन समिति और प्रशासन की ओर से स्पष्ट जानकारी सामने आती है तो तस्वीर और साफ हो सकती है।