Join our subscribers list to get the latest news, updates and special offers directly in your inbox
कैपिटल छत्तीसगढ़ न्यूज नेटवर्क...
संवाददाता :- दीपक गुप्ता...✍️
सूरजपुर :- सूरजपुर एसएसपी एमआर आहिरे को राज्य सरकार ने हटा दिया है। उनकी जगह अब आईपीएस प्रशांत ठाकुर सूरजपुर जिले के नए पुलिस अधीक्षक होंगे। इस कार्रवाई को कुछ दिनों पूर्व हुए दोहरा हत्याकांड से जोडक़र देखा जा रहा है। दोहरे हत्याकांड के बाद नगरवासियों ने पुलिस पर मुख्य आरोपी कुलदीप साहू को पुलिस का संरक्षण देने का आरोप लगाया था। उनका कहना था कि कुलदीप साहू जिलाबदर था। इसके बावजूद उसकी पुलिस के अधिकारियों से इस कदर सेटिंग थी कि वह उनके सामने ही घूमता रहता था। गौरतलब है कि सूरजपुर के कुख्यात बदमाश कुलदीप साहू ने अपने साथियों के साथ मिलकर 13 अक्टूबर की रात कोतवाली में पदस्थ प्रधान आरक्षक तालिब शेख की पत्नी-बेटी की हत्या कर दी थी। वहीं आरक्षक घनश्याम सोनवानी पर खौलता तेल डाल दिया था। इस वारदात से पुलिस विभाग की जमकर किरकिरी हो रही थी। लचर पुलिसिंग के आरोप भी पुलिस पर लग रहे थे। इसी बीच राज्य सरकार ने एसएसपी एमआर आहिरे को हटाकर आईपीएस प्रशांत ठाकुर को नया पुलिस कप्तान नियुक्त किया है। आहिरे अब यातायात पुलिस मुख्यालय रायपुर के उप पुलिस महानिरीक्षक होंगे।
दोहरे हत्याकांड से आक्रोशित नगरवासियों ने पुलिस महकमे पर मुख्य आरोपी कुलदीप साहू द्वारा पैसे लेने के भी आरोप लगाए थे। उनका कहना था कि एसपी से टीआई तक उससे रिश्वत लेते थे। यही वजह है कि वह बेखौफ कई वारदातों को अंजाम दे चुका था। पुलिस को उसने वारदात से सप्ताहभर पूर्व धमकी भी दी थी, लेकिन पुलिस ने उसके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की थी। इधर राज्य शासन ने सूरजपुर कलेक्टर रोहित व्यास का भी ट्रांसफर कर दिया है। उन्हें जशपुर जिले में पदस्थ किया गया है, जबकि एस. जयवर्धन अब सूरजपुर जिले के नए कलेक्टर होंगे। इससे पूर्व वे मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले में पदस्थ थे।