एनटीपीसी लारा द्वारा पुसौर ब्लॉक के आईटीआई एवं शासकीय विद्यालयों में सतर्कता जागरूकता प्रतियोगिताओं का आयोजन

एनटीपीसी लारा द्वारा पुसौर ब्लॉक के आईटीआई एवं शासकीय विद्यालयों में सतर्कता जागरूकता प्रतियोगिताओं का आयोजन

रायगढ़। एनटीपीसी लारा में सतर्कता जागरूकता सप्ताह-2026 का आयोजन “सत्यनिष्ठा से समृद्धि (Probity to Prosperity)” थीम के अंतर्गत किया गया। इस अवसर पर संगठन में ईमानदारी, पारदर्शिता, जवाबदेही एवं नैतिक मूल्यों को बढ़ावा देने की प्रतिबद्धता दोहराई गई।

इस अवसर पर आयोजित तीन माह के केंद्रीय सतर्कता जागरूकता अभियान के अंतर्गत कर्मचारियों, उनके जीवनसाथियों एवं बच्चों तथा आसपास के शासकीय विद्यालयों और आईटीआई संस्थानों के विद्यार्थियों के लिए निबंध लेखन, वाद-विवाद एवं चित्रकला सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान प्रतियोगिताओं के विजेताओं को उनकी उत्कृष्ट सहभागिता के लिए पुरस्कृत एवं सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में सुश्री यशिका गुप्ता ने सतर्कता एवं नैतिक मूल्यों पर आधारित मधुर गीत की प्रस्तुति दी। वहीं, गुरुकुल स्कूल के विद्यार्थियों ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से भ्रष्टाचार के दुष्परिणामों तथा समाज में ईमानदारी एवं नैतिकता के महत्व को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया।

कार्यक्रम में एनटीपीसी लारा के परियोजना प्रमुख श्री सुभाष ठाकुर, महाप्रबंधक (प्रचालन एवं अनुरक्षण) श्री एम. श्रीनाथ, महाप्रबंधक (परियोजना) श्री राजन कुमार श्रीवास्तव, महाप्रबंधक (अनुरक्षण) श्री उड्डगिरी वी.वी.एस. श्रीनिवास राव, मानव संसाधन प्रमुख श्री जाकिर खान तथा सतर्कता विभाग के अपर महाप्रबंधक श्री एच.एस. पटेल सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

इस पहल के माध्यम से एनटीपीसी लारा ने संगठन के भीतर नैतिक आचरण एवं पारदर्शिता की संस्कृति को सुदृढ़ करने के साथ-साथ आसपास के समुदायों में भी सतर्कता और जागरूकता का संदेश प्रसारित किया। यह अभियान एक ईमानदार, जवाबदेह एवं भ्रष्टाचार मुक्त समाज के निर्माण की दिशा में एनटीपीसी की प्रतिबद्धता को रेखांकित करता है।