पुलिसकर्मी सहित 15 आरोपी गिरफ्तार, 40 करोड़ के लालच में बने डकैत

पुलिसकर्मी सहित 15 आरोपी गिरफ्तार, 40 करोड़ के लालच में बने डकैत

छत्‍तीसगढ़ का केवराडीह डकैती कांड... रिटायर्ड पुलिसकर्मी सहित 15 आरोपी गिरफ्तार, 40 करोड़ के लालच में बने डकैत

खरोरा के केवराडीह में 15 डकैतों को गिरफ्तार किया गया। आरोपी देवराज डहरिया ने किसान राधेलाल के घर में गड़ा धन और सोने का हंडा होने की अफवाह फैलाई। रिटायर्ड पुलिसकर्मी ईश्वर रामटेके और अन्य बदमाशों ने मिलकर डकैती की योजना बनाई। तीन आरोपी फरार हैं।

देवराज डहरिया ने गड़ा धन की अफवाह फैलायी।

रिटायर्ड पुलिसकर्मी ने डकैती की योजना बनाई।

तंत्र-मंत्र से घर के लोगों को सुलाने का दावा किया।

रायपुर। खरोरा के केवराडीह में डकैती किसान के घर गड़ा खजाना निकालने पहुंचे 15 डकैतों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। डकैती में बलौदाबाजार एसपी ऑफिस में पदस्थ आरक्षक और रिटायर्ड हवालदार भी शामिल है।

घटना में शामिल तीन बदमाश फरार हैं। व्यवसायिक प्रतिस्पर्धा के चलते पड़ोसी देवराज डहरिया ने किसान के घर 16 किलो सोने का हंडा और 40 करोड़ रुपये होने का झांसा दिया। उसकी बातों में सब आ गए।

आरोपी ने यह भी कहा कि किसान के घर का एक सदस्य उनके साथ मिला है। उसने वीडियो में सब दिखाया है। रिटायर पुलिसकर्मी ईश्वर रामटेके के खरोरा के घर में डकैती की पूरी योजना बनी।

एसएसपी ने किया खुलासा.....

सोमवार को मामले का राजफाश करते हुए एसएसपी डा. लाल उम्मेद सिंह ने बताया है कि राधेलाल भारद्वाज के घर डकैती की योजना पड़ोसी देवराज डहरिया ने बनाई। चार साल पहले राधेलाल और उसका पड़ोसी देवराज साथ मिलकर निर्माण कार्य के लिए बुलडोजर चलाते थे।

इस दौरान राधेलाल की अपने गांव के सरपंच के साथ दोस्ती हो गई। उसके बाद पूरा काम राधेलाल को मिलने लगा। देवराज को काम मिलना बंद हो गया। इस वजह से दोनों के बीच दरार पैदा हो गई। कई बार विवाद भी हुआ। यहां तक की देवराज की मशीन भी बिक गई।

40 करोड़ का हल्ला....

देवराज ने राधेलाल के घर में सोने का हंडा और 40 करोड़ रुपये होने की अफवाह उड़ाई। उसे शक था कि राधेलाल के घर में पैसा आ रहा है तो पक्का हंडा है। इसके लिए उसने ईश्वर रामटेके को माध्यम बनाया।

सोने का हंडा और नगदी की लालच में ईश्वर ने महासमुंद, बसना निवासी राजेश प्रधान (जो फरार है) उसे अपने साथ जोड़ा। इसके बाद ईश्वर, राजेश प्रधान ने और लोगों को अपने साथ जोड़कर डकैती की।

बैगा ने कहा- नींद में सुला दिया हूं.....

फरार आरोपी राजेश प्रधान ने बैगा को साथ में जोड़ा, जिसका नाम अन्य आरोपी नहीं जानते। बैगा ने कहा की वह अपने तंत्र क्रिया से घर के सभी सदस्यों को गहरी नींद में सुला देगा, जिसमें उन्हें डकैती डालने में मदद मिलेगी।

घटना दिनांक को वह किसान के घर के बाहर गया और दीपक जला दिया। कुछ दूरी पर तांत्रिक क्रिया कर कहा कि घर के सभी लोगों को सुला दिया है, जाओ अब डकैती डालो।

पुलिस ने कहा- झांसे में न आएं.....

सोने का हंडा और गड़ा धन मिलने की लालच में अपराधिक घटनाएं हो रही हैं। रायपुर रेंज में यह छठवीं घटना है। तंत्र-मंत्र कर गड़ा धन मिलने का झांसा देकर ठगी करने के बाद पैसा वापस लौटाने की मांग करने पर अभनपुर, नवा रायपुर और धमतरी में दुर्ग के तांत्रिक सुखवंत साहू ने चार माह पूर्व गंगाजल में साइनाइड मिलाकर तीन लोगों की हत्या तक कर दी थी। आइजी अमरेश मिश्रा ने लोगों से अपील की है कि इस तरह के बहकावे में न आएं। सकर्त रहें।

मुख्य आरोपी रातभर जागता रहा.....

पुलिस ने राधेलाल से पूछताछ की। पहले दिन तो उसने देवराज से विवाद को लेकर कोई जानकारी दी। पुलिस ने आरोपी देवराज के दो दिन तक की दिनचर्या और रात के बारे में डिटेल निकाली। आम-तौर पर वह 10 बजे सो जाता था।

घटना के दिन और एक दिन पहले वह रात-रात तक जागता रहा। रात में अलग-अलग व्यक्तियों से फोन पर बात कर रहा था। पुलिस ने उसे हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने विवाद के बाद घटना करना स्वीकार किया। इसके बाद रिटायर्ड हवलदार को पकड़ा गया। एक के बाद एक आरोपी पकड़े गए।

गिरफ्तार आरोपी.....

देवराज डहरिया (मुख्य साजिशकर्ता)

ईश्वर रामटेके (रिटायर्ड पुलिसकर्मी)

सप्तऋषि राज

अलख निरंजन रजक

जितेंद्र पाठक

तिलक वर्मा

किशन वर्मा

रूपेश साहू

पिंकू राजपूत

सूरज सेन

छत्रपाल राजपूत उर्फ राजू

गज्जू चंद्रवंशी

प्रकाश मिश्रा (बलौदाबाजार एसएसपी आफिस का आरक्षक)

साहिल खान

सोना बारमते उर्फ सोनू