डिस्ट्रिक्ट प्रेसिडेंट रश्मि अग्रवाल ने लीनेश क्लब रायगढ़ श्यामा को दिलाई शपथ

डिस्ट्रिक्ट प्रेसिडेंट रश्मि अग्रवाल ने लीनेश क्लब रायगढ़ श्यामा को दिलाई शपथ

रायगढ़। लीनेश क्लब रायगढ़ श्यामा के शपथ ग्रहण समारोह का गरिमामय आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि एवं डिस्ट्रिक्ट प्रेसिडेंट लीनेश रश्मि अग्रवाल ने नवगठित कार्यकारिणी के पदाधिकारियों एवं सदस्यों को क्लब की सेवा भावना, कर्तव्यों एवं सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति निष्ठापूर्वक कार्य करने की शपथ दिलाई।

इस अवसर पर नवगठित कार्यकारिणी में अध्यक्ष ली यशवंती पंडा एवं सचिव ली फरजाना बानो ने अपने पद की शपथ ग्रहण की। क्लब की फाउंडर एवं रीजन ऑफिसर ली अनुषा कतोरे के मार्गदर्शन में क्लब को सेवा एवं सामाजिक सरोकारों के क्षेत्र में आगे बढ़ाने का संकल्प लिया गया।

डिस्ट्रिक्ट प्रेसिडेंट रश्मि अग्रवाल जी ने अपने उद्बोधन में कहा कि लीनेश क्लब का मूल उद्देश्य समाज सेवा, महिला सशक्तिकरण, जरूरतमंदों की सहायता तथा समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाना है। उन्होंने नवगठित क्लब के सभी सदस्यों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि “श्यामा” नाम अपने आप में सेवा, समर्पण, सहयोग एवं सकारात्मक ऊर्जा का प्रतीक है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि क्लब आने वाले समय में सेवा के क्षेत्र में नई ऊंचाइयां स्थापित करेगा।

शपथ ग्रहण के दौरान क्लब के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने लीनेश क्लब के उद्देश्यों एवं सेवा कार्यों को पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ आगे बढ़ाने का संकल्प लिया। नवगठित कार्यकारिणी ने समाजहित में शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला एवं बाल कल्याण, पर्यावरण संरक्षण तथा जरूरतमंदों की सहायता से जुड़े विभिन्न सेवा प्रकल्प संचालित करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।

कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों एवं सदस्यों ने नवगठित लीनेश क्लब रायगढ़ श्यामा की कार्यकारिणी को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। समारोह सौहार्दपूर्ण, गरिमामय एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।