रायगढ़ जिले के विकास को लेकर बड़ी सौगात, करोड़ों की सड़कों को मिली वित्तीय स्वीकृति

रायगढ़ जिले के विकास को लेकर बड़ी सौगात, करोड़ों की सड़कों को मिली वित्तीय स्वीकृति

रायगढ़। जिले में सड़क अधोसंरचना और बेहतर कनेक्टिविटी को लेकर विकास कार्यों की दिशा में महत्वपूर्ण पहल सामने आई है। भाजपा जिला महामंत्री जतिंद्र कुमार साव द्वारा जारी किए गए पोस्टरों में रायगढ़ और लैलूंगा विधानसभा क्षेत्र से जुड़े सड़क निर्माण कार्यों को लेकर वित्तीय स्वीकृति की जानकारी दी गई है।

पोस्टर के अनुसार, पुंजीपथरा–तमनाार मार्ग के करीब 10 किलोमीटर हिस्से को फोरलेन सड़क के रूप में विकसित करने के लिए ₹46.43 करोड़ की स्वीकृति बताई गई है। इसमें भूमि अर्जन एवं वन भूमि व्यपवर्तन से संबंधित कार्य भी शामिल बताए गए हैं।

वहीं दूसरे पोस्टर में लैलूंगा विधानसभा क्षेत्र के लिए ₹74.15 करोड़ से अधिक की वित्तीय स्वीकृति का उल्लेख किया गया है। इसके तहत तमणार–मीलूपारा–कुंजर–उरबा–लैलूंगा मार्ग में लगभग 23.20 किलोमीटर सड़क निर्माण की जानकारी दी गई है।

बेहतर कनेक्टिविटी से विकास को मिलेगी रफ्तार...

इन सड़क परियोजनाओं को क्षेत्र की कनेक्टिविटी और आवागमन के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। पोस्टर में दावा किया गया है कि सड़क निर्माण से क्षेत्रीय आवागमन सुगम होगा तथा व्यापार और विकास गतिविधियों को गति मिलने की उम्मीद है।

इस अवसर पर पोस्टर के माध्यम से मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी के प्रति आभार व्यक्त किया गया है। वहीं भाजपा जिला महामंत्री जतिंद्र कुमार साव की ओर से इसे क्षेत्र के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण सौगात बताया गया है।

अब देखने वाली बात होगी कि इन स्वीकृत सड़क परियोजनाओं का निर्माण कार्य धरातल पर कब शुरू होता है और निर्धारित समय में पूरा होने के बाद इसका वास्तविक लाभ क्षेत्र की जनता को कितना मिलता है।