रायगढ़ में जन्मदिन के होर्डिंग पर दिखी कांग्रेस की गुटबाजी? महिला जिलाध्यक्ष का फोटो गायब, सियासी गलियारों में चर्चा तेज
रायगढ़। कांग्रेस के शहरी जिलाध्यक्ष के जन्मदिन के अवसर पर शहर में लगाए गए होर्डिंग अब राजनीतिक चर्चा का विषय बन गए हैं। जन्मदिन की बधाई देने के लिए लगाए गए इन होर्डिंग्स में कांग्रेस के कई प्रमुख नेताओं और कार्यकर्ताओं के फोटो नजर आ रहे हैं, लेकिन पार्टी की महिला जिलाध्यक्ष का नाम और फोटो दिखाई नहीं देने से तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।
होर्डिंग में महिला जिलाध्यक्ष के साथ-साथ कुछ अन्य कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं की तस्वीरें भी नजर नहीं आने को लेकर राजनीतिक गलियारों में सवाल उठने लगे हैं। हालांकि, यह स्पष्ट नहीं है कि संबंधित नेताओं की तस्वीरें जानबूझकर नहीं लगाई गईं या इसके पीछे कोई अन्य वजह है।
इधर, शहर में इसे लेकर कांग्रेस के भीतर गुटबाजी और आपसी खींचतान की चर्चाएं तेज हो गई हैं। राजनीतिक जानकारों की नजर अब इस बात पर है कि क्या यह महज होर्डिंग लगाने वालों की पसंद और सीमित स्थान का मामला है या फिर इसके पीछे पार्टी के अंदर चल रही किसी राजनीतिक खींचतान की झलक दिखाई दे रही है।
फिलहाल जन्मदिन के होर्डिंग को लेकर रायगढ़ की सियासत में चर्चा जरूर तेज हो गई है और सवाल यही है—क्या कांग्रेस की अंदरूनी सियासत अब होर्डिंग तक पहुंच गई है?