रायगढ़ में आयुर्वेद स्वास्थ्य शिविर आयोजित करने की मांग
रायगढ़। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के जन्मदिवस 17 सितंबर के अवसर पर रायगढ़ शहर में विशेष आयुर्वेद स्वास्थ्य चिकित्सा शिविर आयोजित करने की मांग की गई है। इस संबंध में एल्डरमैन मनीष गांधी ने रायगढ़ नगर निगम के महापौर श्री जीवर्धन चौहान से मुलाकात कर शिविर आयोजित करने का आग्रह किया।
मनीष गांधी ने कहा कि इस पहल का उद्देश्य शहरवासियों को आयुर्वेद चिकित्सा पद्धति के प्रति जागरूक करना और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करना है। शिविर के माध्यम से नागरिकों को आयुर्वेदिक उपचार, स्वास्थ्य संबंधी परामर्श तथा प्राकृतिक एवं समग्र स्वास्थ्य के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी मिल सकेगी।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस को सेवा और जनकल्याण के संकल्प दिवस के रूप में मनाते हुए स्वास्थ्य शिविर का आयोजन समाजसेवा की दिशा में एक सार्थक पहल होगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि शिविर के आयोजन से बड़ी संख्या में नागरिक लाभान्वित होंगे और आयुर्वेद के प्रति जागरूकता बढ़ेगी।
इस अवसर पर नागरिकों ने भी महापौर से शिविर के आयोजन की स्वीकृति प्रदान कर इसे व्यापक स्तर पर आयोजित कराने की अपेक्षा जताई है।