सिंदूर पार्क के सामने अज्ञात वाहन की टक्कर से गाय की मौत, जांच को लेकर उठे सवाल

सिंदूर पार्क के सामने अज्ञात वाहन की टक्कर से गाय की मौत, जांच को लेकर उठे सवाल

रायगढ़। शुक्रवार की रात शहर के सिंदूर पार्क के सामने एक अज्ञात वाहन की टक्कर से एक गाय की मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों के बीच चर्चा तो हुई, लेकिन इस मामले में जिम्मेदार वाहन की पहचान और कार्रवाई को लेकर अब तक कोई स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है।

सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर गाय को टक्कर मारने वाला वाहन कौन-सा था? क्या घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कर वाहन की पहचान की जा सकती है? यदि वाहन की पहचान हो जाती है तो क्या उसके चालक के खिलाफ नियमानुसार FIR दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी?

इस घटना ने शहर में सक्रिय गौ सेवा संगठनों की भूमिका पर भी सवाल खड़े किए हैं। अक्सर गौ संरक्षण और गौ सेवा को लेकर अभियान चलाए जाते हैं, लेकिन ऐसी घटना के बाद मौके पर पहुंचकर घायल या मृत पशु के संबंध में कार्रवाई सुनिश्चित कराने की जिम्मेदारी कौन निभाएगा—यह सवाल भी चर्चा में है।

हालांकि यह अभी स्पष्ट नहीं है कि दुर्घटना करने वाला वाहन किसका था और वाहन चालक की पहचान हुई है या नहीं। ऐसे में बिना जांच किसी व्यक्ति या संस्था पर आरोप लगाना उचित नहीं होगा। लेकिन पुलिस और संबंधित विभाग से यह सवाल जरूर है कि क्या इस मामले में CCTV फुटेज खंगालकर वाहन की पहचान की जाएगी?

स्थानीय लोगों के बीच यह भी चर्चा है कि कहीं वाहन किसी प्रभावशाली व्यक्ति से जुड़ा तो नहीं है। हालांकि इसकी कोई पुष्टि नहीं हुई है और यह केवल जांच का विषय है। अगर वाहन किसी रसूखदार या बड़े कारोबारी का भी निकले, तो क्या कानून के अनुसार समान कार्रवाई होगी?

अब निगाहें पुलिस की जांच पर हैं। सवाल सिर्फ एक गाय की मौत का नहीं, बल्कि यह भी है कि शहर में सड़क दुर्घटना के बाद जिम्मेदारी तय करने की व्यवस्था कितनी प्रभावी है? क्या इस मामले में FIR दर्ज होगी, CCTV की जांच होगी और दोषी वाहन चालक तक पुलिस पहुंचेगी—इन सवालों के जवाब का इंतजार है।