Join our subscribers list to get the latest news, updates and special offers directly in your inbox
कैपिटल छत्तीसगढ़ न्यूज नेटवर्क....
संवाददाता :- दीपक गुप्ता...✍️
सूरजपुर :- जिले के ग्राम शशिपुर में बीते शनिवार को एक विवाहिता की घर में ही संदिग्ध परिस्थितियों में लाश मिली। महिला का शव गमछे के सहारे फांसी के फंदे पर लटका हुआ था। मृतका के परिजन द्वारा हत्या की आशंका जताई गई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। घटना के बाद से मृतका के पति व सौतन दोनों फरार हैं। पुलिस उनकी तलाश कर रही है। दरअसल पति अपनी दो पत्नियों के साथ एक साथ रहता था। इसी बीच शनिवार को मृतिका का पति के साथ विवाद हुआ था। मिली जानकारी के मुताबिक जयनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत तेलईकछार (शशिपुर) निवासी 32 वर्षीय सिमुन पति विजय रवि का शव शनिवार को उसके घर के कमरे में संदिग्ध परिस्थितियों में पाया गया है। जयनगर पुलिस ने बताया कि मृतका का पति दो पत्नी सिमुन व आंचल को साथ रखा था। शुक्रवार को पति ने दोनों पत्नियों के साथ खाना खाया। उसकी पहली पत्नी सिमुन घर में शराब के नशे में खूब झगड़ा कर रही थी, तब पति विजय बोला कि घर का पूरा सामान बेचकर शराब पी जा रही है।इस पर वह भडक गई और कहने लगी कि मेरा सामान है, मैं कुछ भी करूं, तुम कौन हो बोलने वाले, कहकर गाली - गलौज करने लगी। दोनों के बीच लड़ाई के बाद वह अपने कमरे में चली गई और वह दूसरी पत्नी को लेकर घर के सामने गोठान में सोने चला गया।
सुबह फंदे पर लटकती मिली लाश :- सुबह पति जब वापस लौटा तो देखा कि गमछे के सहारे पहली पत्नी सिमुन फंदे पर लटकी है। उसे फंदे से उतारकर जिंदा होने की आस में पानी पिलाया लेकिन उसकी सांसे थम चुकी थी। फिर पड़ोसियों को खबर कर मामले की सूचना पुलिस को दी। रिपोर्ट पर पुलिस ने शव पंचनामा के बाद मामले में मर्ग कायम कर विवेचना शुरू दी है।
मृतिका के परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप :- दूसरी ओर मामले में मृतका के परिजनों ने पति व दूसरी पत्नी पर हत्या का आरोप लगाया है। इस पर मृतका का पीएम बिश्रामपुर अस्पताल में न कराकर उसके शव को पीएम के लिए जिला अस्पताल सूरजपुर ले जाया गया है। यहां चिकित्सकों की टीम ने वीडियोग्राफी के साथ पीएम की प्रक्रिया पूरी कर शव परिजन के सुपुर्द कर दिया।
सौतन व पति फरार तलाश जारी :- वहीं मृतिका के मायके पक्ष के लोगों का आरोप है कि उसका पति व सौतन द्वारा मृतका के साथ आए दिन विवाद किया जाता था। महीनों पूर्व भी पति द्वारा मृतका के साथ मारपीट कर उसके हाथ की कलाई को फ्रेक्चर कर दिया गया था, उसका मायके में इलाज कराया गया था। लेकिन चुनाव के समय जब मृतका मतदान करने आई तब उसके पति द्वारा मायके नहीं जाने दिया गया था। वहीं बताया जा रहा है कि घटना की सूचना पुलिस को देने के बाद मृतिका का पति व सौतन दोनों फरार हो गए हैं। पुलिस द्वारा मामले में पति व सौतन की तलाश की जा रही है।