चंद्रपुर में रामनवमी पर भव्य शोभायात्रा, बारिश के बावजूद उमड़ा जनसैलाब
चंद्रपुर नगर में रामनवमी के अवसर पर शुक्रवार, 27 मार्च 2026 को भव्य शोभायात्रा निकाली गई। हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी श्री गोपालजी महाप्रभु मंदिर प्रांगण से भगवान श्रीराम की आकर्षक झांकी के साथ शोभायात्रा का शुभारंभ हुआ।
शोभायात्रा में रामदरबार की सुंदर झांकी के साथ प्रभु श्रीराम की सिंहासन पर विराजमान मनमोहक मूर्ति विशेष आकर्षण का केंद्र रही। ढोल-ताशों, नगाड़ों और बाजे-गाजे के साथ निकली इस यात्रा में श्रद्धालुओं का उत्साह देखने लायक था।
हालांकि शोभायात्रा के प्रारंभ में बारिश और बिजली कड़कने जैसी बाधाएं आईं, फिर भी श्रद्धालुओं की भीड़ में कोई कमी नहीं आई। खराब मौसम के बावजूद लोगों की आस्था और उत्साह बरकरार रहा। विशेष रूप से मातृशक्ति दुर्गा वाहिनी की सदस्याओं की सक्रिय भागीदारी उल्लेखनीय रही।
शोभायात्रा के समापन पर पुनः श्री गोपालजी मंदिर प्रांगण में भगवान श्रीराम की भव्य महाआरती की गई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।
इस आयोजन का संचालन विश्व हिंदू परिषद, श्री रामनवमी शोभायात्रा समिति, मातृशक्ति दुर्गावाहिनी एवं समस्त चंद्रपुर नगरवासियों के सहयोग से किया गया।