लैलूंगा में स्वास्थ्य पंचायत सम्मेलन का आयोजन, मितानिन भवन के लिए 10 लाख की घोषणा

लैलूंगा में स्वास्थ्य पंचायत सम्मेलन का आयोजन, मितानिन भवन के लिए 10 लाख की घोषणा

मितानिनों का कार्य अविस्मरणीय...

रायगढ़ - लैलूंगा विकास खण्ड में आज स्वास्थ्य पंचायत सम्मेलन का भव्य आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में क्षेत्रीय विधायक श्रीमती विद्यावती सिदार जी उपस्थित रहीं। साथ ही लैलूंगा क्षेत्र के सभी सम्मानित बीडीसी सदस्यों की भी गरिमामयी उपस्थिति रही।

कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने एवं जमीनी स्तर पर कार्य कर रहे स्वास्थ्य कर्मियों के योगदान पर विशेष चर्चा की गई। विधायक श्रीमती सिदार ने अपने संबोधन में स्वास्थ्य व्यवस्था को और बेहतर बनाने की प्रतिबद्धता जताई।

इस अवसर पर उन्होंने मितानिन भवन निर्माण के लिए 10 लाख रुपये देने की घोषणा की, जिससे क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं को और मजबूती मिलने की उम्मीद है।

सम्मेलन में उत्कृष्ट कार्य करने वाले आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, आरएचओ, सरपंचों एवं अन्य कर्मियों को मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया। अतिथियों ने सभी सम्मानित जनों के कार्यों की सराहना करते हुए उन्हें आगे भी इसी तरह समर्पित भाव से कार्य करने के लिए प्रेरित किया।

इस कार्यक्रम को सफल बनाने में मुख्य रूप से जिला समन्वयक, बीसी, एसपीएस, मितानिन प्रशिक्षक एवं सभी मितानिनों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

कार्यक्रम का समापन आभार प्रदर्शन के साथ हुआ।