Join our subscribers list to get the latest news, updates and special offers directly in your inbox
कैपिटल छत्तीसगढ़ न्यूज नेटवर्क....
संवाददाता :- दीपक गुप्ता...✍️
सूरजपुर : - जिले के बसदेई चौकी अंतर्गत शिवप्रसाद नगर निवासी एक युवक की घरेलू विवाद पर बड़े भाई व भाभी ने जमकर पिटाई कर दी थी। गंभीर रूप से घायल युवक का आरोपी दंपती ने समय पर इलाज भी नहीं होने दिया। इससे उसे अस्पताल पहुंचने में देरी हो गई और चिकित्सक ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं जब युवक को अस्पताल लाया जा रहा था तो बाइक से गिरने से भी उसके सिर में चोट आई थी। लेकिन पीएम रिपोर्ट में डॉक्टर द्वारा मारपीट से आई गंभीर चोटों के कारण मौत का उल्लेख होने के बाद पुलिस ने आरोपी दंपती को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। 27 अगस्त को घरेलू विवाद में ग्राम शिवप्रसादनगर निवासी इंद्रपाल सिंह की उसके बड़े भाई व भाभी धनेश्वरी ने जमकर पिटाई कर दी थी। इससे वह गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गया था। यह देखकर पिता ने गांव से ऑटो रिक्शा को बुलवाकर उसे अस्पताल ले जाने का प्रयास किया। लेकिन आरोपी दंपती ने ऑटो चालक को मना कर वहां से भगा दिया। फिर इलाज हेतु वाहन नहीं मिलने पर पिता ने अपने नाती के साथ बाइक में घायल बेटे इंद्रपाल को सूरजपुर जिला अस्पताल भेजा। लेकिन रास्ते में उमेशपुर नर्सरी के पास संतुलन बिगडऩे से दोनों गिर गए। इससे इंद्रपाल के सिर में पीछे तरफ चोट लगी, फिर उसे एंबुलेंस से जिला अस्पताल लाया गया। यहां जांच के बाद डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद से दंपति थे फरार :- मामले में पुलिस मर्ग कायम कर जांच में जुटी थी। इसी बीच पीएम करने वाले डॉक्टर से मृत्यु का स्पष्ट कारण जानने हेतु अभिमत लिया गया। इसमें डॉक्टर द्वारा बाइक से गिरकर आई चोट के कारण नहीं बल्कि मारपीट से आई गंभीर चोटों तथा समय पर इलाज नहीं होने के कारण मौत होने का उल्लेख किया गया।
मृतक के भैया-भाभी की हुई गिरफ्तारी :- इधर मृतक का बड़ा भाई अपनी पत्नी के साथ घटना के बाद से ही फरार था। पुलिस उनकी तलाश में जुटी थी। इसी बीच मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने आरोपी जवाहिर सिंह उम्र 30 वर्ष व उसकी पत्नी धनेश्वरी उम्र 24 वर्ष को गिरफ्तार कर लिया है। उक्त कार्रवाई में बसदेई चौकी प्रभारी विजय सिंह, संजय सिंह, आनंद सिंह, देवदत्त दुबे, अमित सिंह व सुषा मिंज सक्रिय रहे।