Join our subscribers list to get the latest news, updates and special offers directly in your inbox
कैपिटल छत्तीसगढ़ न्यूज नेटवर्क....
संवाददाता :- दीपक गुप्ता...✍️
सूरजपुर :- जिले के कलेक्टर एस जयवर्धन द्वारा रामानुजनगर ब्लॉक धान उपार्जन केंद्रों को निरीक्षण किया गया। जहां उन्होंने रामानुजनगर, चंदरपुर, पोड़ी व उमापुर में स्थापित धान खरीदी उपार्जन केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मौके पर उपस्थित अधिकारी-कर्मचारियों को धान खरीदी कार्य को सुचारू रूप से संपन्न कराने हेतु धान खरीदी केन्द्र में सभी व्यवस्थाएँ सुनिश्चित हो इसके लिए सतत मॉनिटरीग के निर्देश दिए। जयवर्धन ने धान खरीदी केंद्र में किसानों से खरीदे गए धान के बारदाने का अवलोकन कर धान के गुणवत्ता को परखा, इसके साथ ही धान की नमी का आर्द्रता माप यंत्र में अवलोकन भी किया।
उन्होंने समिति प्रबंधक एवं कर्मचारियों को वास्तविक किसानों के रकबे की धान की खरीदी हेतु जरूरी व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। इस दौरान उन्होंने मौके पर उपस्थित किसानों से बातचीत कर उनके द्वारा बेचे गए धान की मात्रा के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने मौके पर उपस्थित अधिकारियों को धान खरीदी केन्द्र में धान के रखरखाव हेतु स्टेकिंग की व्यवस्था तथा धान विक्रेताओं के आधार सत्यापन हेतु लगाए गए बायोमेट्रिक मशीन आदि कार्यों के संबंध जानकारी ली। इस दौरान कलेक्टर ने धान खरीदी पंजी एवं ऑनलाईन एंट्री के कार्य का अवलोकन कर किसानों से धान खरीदी की कुल मात्रा एवं उसकी समुचित एंट्री के कार्य का सूक्ष्मता से परीक्षण भी किया। निरीक्षण के दौरान रामानुजनगर एसडीएम अजय मोड़ियाम, फूड इंस्पेक्टर संदीप भगत व अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे। इसके साथ ही किसानों के धान खरीदी संबंधी समस्या के समाधान के लिए हेल्पलाइन नंबर 18002333663 जारी किया गया है। किसान इन नम्बरों पर कॉल कर अपनी धान बेचने में आ रही समस्या को दर्ज करा सकते हैं।