दो नाबालिग सहित 9 चोरी के आरोपियों को पुलिस ने किया गिरफ्तार...

कैपिटल छत्तीसगढ़ न्यूज नेटवर्क...

संवाददाता :- दीपक गुप्ता....

सूरजपुर :- पुलिस ने चार चोरियों का खुलासा किया है, जो पहली नजर में सामान्य चोरी की घटनाएं लगती थीं। इन चोरियों का खुलासा सीसीटीवी फुटेज से हुआ, जिसने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। दरअसल, बिश्रामपुर थाना क्षेत्र में एसईसीएल सुरक्षा अधिकारी, नगर पंचायत सीएमओ सहित चार स्थानों पर चोरी की घटनाएं हुई थीं। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर इन चोरियों का खुलासा करते हुए सोने-चांदी के आभूषण और 8-10 लाख रुपये का सामान बरामद किया। इस में चोरी में इस्तेमाल बाइक और कार को भी पुलिस ने जब्त किया है।

पुलिस ने दो नाबालिगों सहित 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में एक कबाड़ तस्कर और दो सोने-चांदी के व्यापारी शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, कबाड़ तस्कर और व्यापारी नाबालिगों को चोरी करने के लिए उकसाते थे और व्यापारी ने उन्हें चोरी के दौरान किसी के जागने पर इस्तेमाल करने के लिए जहरीला स्प्रे भी दिया था।  इस खुलासे ने समाज में कुरीतियों को बढ़ावा देने वालों के खिलाफ कठोर कदम उठाने की आवश्यकता को उजागर किया है। साथ ही, यह भी जरूरी है कि समाज में नाबालिगों को गलत रास्ते से निकालकर सही मार्ग पर लाने के लिए ठोस पहल की जाए।