धोनी की कप्तानी भी चेन्नई को नहीं दिला सकी जीत, देखिए पॉइंट टेबल और जानिए अब क्यों मुश्किल है फाइट बैक

चेन्नई की टीम के फैंस के लिए आईपीएल 2025 अब तक निराशाजनक रहा है। इससे पहले ऋतुराज गायकवाड़ की कप्तानी में सीएसके (CSK) ने पांच मैच खेले थे और चार में हार का सामना करना पड़ा है। अब एक और मैच हारना पड़ा है।
ऋतुराज गायकवाड़ की कोहनी में हुआ फैक्चर
आईपीएल के बाकी मुकाबले नहीं खेल पाएंगे
टीम मैनेजमेंट ने फिर धोनी को सौंपी कमान
नई दिल्ली (MS Dhoni CSK Captain)। आईपीएल 2025 में चेन्नई की टीम 6 में से 5 मुकाबले हारकर अंक तालिका में सबसे नीचे पहुंच गई है। अब कहा जा रहा है कि महेंद्र सिंह धोनी की टीम का उबर पाना मुश्किल है। यानी एक तरह से अभी से टीम आईपीएल 2025 से बाहर हो गई है।
चेन्नई में खेले गए मुकाबले में सीएसके ने पहले बल्लेबाजी की और निर्धारित 20 ओवर में 9 विकेट पर सिर्फ 103 रन बना सके। जवाब में केकेआर की टीम ने 59 गेंद शेष रहते 8 विकेट से मैच जीत लिया।
इससे पहले सीएसके खेमे से बुरी खबर यह आई थी कि कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ चोटिल हो गए हैं और आईपीएल के बाकी मैचों से बाहर हो गए हैं। इसके बाद टीम मैनेजमेंट ने महेंद्र सिंह धोनी (MS Dhoni) को एक बार फिर कप्तानी सौंपने का फैसला किया था।
इस तरह धोनी करीब 683 दिनों के बाद चेन्नई टीम की कप्तानी करते नजर आए। उन्होंने आखिरी बार आईपीएल 2023 में चेन्नई की कप्तानी की थी। हालांकि कोलकाता के खिलाफ मुकाबले में माही भी कुछ नहीं कर सके।
धोनी जब कप्तानी करते हैं तो अलग नजर आते हैं: गांगुली
धोनी के सामने अपनी टीम को विजय पथ पर लाने की बड़ी चुनौती थी। उनकी कप्तानी का एलान होने के बाद बाकी टीमों में हलचल जरूर शुरू हो गई है। वहीं टीम इंडिया के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली की प्रतिक्रिया भी आई गई थी।
दादा ने कहा था कि धोनी जब कप्तानी करते हैं तो अलग रंग में नजर आते हैं, इसलिए उन्हें हमेशा कप्तान के रूप में ही होना चाहिए।
टीम के लिए गायकवाड़ का मैसेज....
इस बीच, 28 वर्षीय गायकवाड़ ने भी अपनी प्रतिक्रिया दे दी है। उन्होंने अपनी निराशा और आभार व्यक्त करने के लिए सीएसके के सोशल मीडिया का सहारा लिया। उन्होंने एक भावपूर्ण वीडियो संदेश में कहा, कोहनी की चोट के कारण आईपीएल के बाकी मैचों से बाहर होने से मैं वास्तव में बहुत दुखी हूं। मैं अब तक मिले समर्थन के लिए सभी का शुक्रिया अदा करना चाहता हूं।
धोनी को कप्तानी मिलने पर गायकवाड़ ने कहा- गायकवाड़ ने धोनी पर अपना भरोसा जताया और हल्के-फुल्के अंदाज में, उन्हें "युवा विकेटकीपर" करार दिया।
What's Your Reaction?






