Join our subscribers list to get the latest news, updates and special offers directly in your inbox
कैपिटल छत्तीसगढ़ न्यूज नेटवर्क...
संवाददाता :- दीपक गुप्ता...
सूरजपुर :- छत्तीसगढ़ शासन द्वारा राज्य में अवैध मादक पदार्थों के कारोबार पर पूर्णतया रोक लगाए जाने एवं पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार सरगुजा रेंज समस्त जिलों में जप्त कुल 3100 किलो गांजा सहित बाउन शुगर, डोडा चुरा को इंदिरा पावर जैन प्राईवेट लिमिटेड गिरवरगंज-नयनपुर में कमेटी के सदस्यों की मौजूदगी में नष्टीकरण किया गया। जप्त अवैध मादक पदार्थों/ नशीले दवाओं का नष्टीकरण हेतु पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज अंकित गर्ग (भापुसे) की अध्यक्षता में एक कमेटी बनाते हुए कमेटी के सदस्यों की उपस्थित में शुक्रवार, 29 नवम्बर 2024 को इंदिरा पावर प्लांट के बायलर में गांजा-डोडा चुरा डालकर नष्टीकरण करते हुए बिजली का उत्पादन किया गया। सरगुजा रेंज में अब तक यह चौथी बार है जब गांजा नष्टीकरण कर बिजली का उत्पादन किया गया है। नष्टीकरण के पूर्व जप्त गांजा-चरस का माप तौल कमेटी के सदस्यों के उपस्थिति में कराते हुए उसका रिकार्ड संधारण कार्यवाही भी पूर्ण की गई। सरगुजा रेंज आईजी अंकित गर्ग, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सूरजपुर प्रशांत कुमार ठाकुर तथा पुलिस अधीक्षक सरगुजा योगेश कुमार पटेल की उपस्थिति में इन नशीली सामग्रियों का नष्टीकरण किया गया।
कफ सिरप की शिशियों और टेबलेट्स को जलाकर नष्ट किया गया और जमीन में गड्ढा खोदकर उसे मिट्टी से पाट दिया गया। नष्टीकरण किए गए नशीले वस्तुओं का बाजार मूल्य करीब 8 करोड़ 2 लाख रूपये है आईजी अंकित गर्ग ने कहा कि नशे के विरूद्ध लगातार कार्यवाही करने के दौरान नशीली पदार्थ गांजा, ब्राऊन शुगर, डोडाचूरा, सिरप, इंजेक्शन, टेबलेट बड़ी मात्रा में जप्त की गई थी। रेंज के जिलों में कुल 354 प्रकरणों में 3100 किलो गांजा, 659 ग्राम बाउन शुगर, 321 नग गांजा का पौधा, 11,108 नग इंजेक्शन, 93,614 नग टेबलेट, 15 किलो डोडा चुरा, 7,235 नग सिरप, 168 नग नीडिल व 4 नग सिरिंज का नष्टीकरण इंदिरा पावर जैन प्राईवेट लिमिटेड सूरजपुर में किया गया। नष्टीकरण कार्यवाही के दौरान कमेटी के सदस्य सहित अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कोरिया मोनिका ठाकुर, नगर पुलिस अधीक्षक एस.एस.पैंकरा, एसडीओपी सूरजपुर नंदिनी ठाकुर, डीएसपी रितेश चौधरी, रक्षित निरीक्षक अशोक गिरी, निरीक्षक जावेद मियांदार, आईजी रीडर सुभाष ठाकुर सहित रेंज के पुलिस अधिकारी-कर्मचारी भी उपस्थित रहे ।