Join our subscribers list to get the latest news, updates and special offers directly in your inbox
कैपिटल छत्तीसगढ़ न्यूज नेटवर्क...
संवाददाता :- दीपक गुप्ता....✍️
सूरजपुर :- जिले के प्रतापपुर वन परिक्षेत्र अंतर्गत सोनगरा में रविवार की रात दंतैल हाथी ने एक ग्रामीण को कुचलकर मार डाला। ग्रामीण अपने दूसरे घर में सोने जा रहा था। हाथी ने उसके शव के टुकड़े कर करीब 200 मीटर के दायरे में फैला दिया। सूचना मिलते ही रेंजर समेत वन अमला मौके पर शव लेने पहुंचा, लेकिन ग्रामीणों ने उन्हें वहां से खदेड़ दिया। सोमवार की सुबह फिर रेंजर पहुंचे। इस दौरान गुस्साए ग्रामीणों ने उनसे बोरे में शव उठवाया, फिर चौक पर शव को रखकर चक्काजाम कर दिया। ग्रामीणों ने वन विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि हाथी के आते ही क्षेत्र की बिजली गुल कर दी जाती है। मुनादी भी नहीं कराई गई। यदि बिजली नहीं कटवाई जाती तो ग्रामीण की जान बच सकती थी। प्रशासनिक अधिकारियों के अब बिजली नहीं काटने जाने के आश्वासन के घंटेभर बाद चक्काजाम समाप्त हुआ।
प्रतापपुर वन परिक्षेत्र अंतर्गत ग्राम सोनगरा के छबेलापारा निवासी फूलसाय राजवाड़े पिता हीरामन 57 वर्ष रविवार की रात करीब 8 बजे अपने दूसरे घर सारसताल के केंवरिहापारा जा रहा था। इसी दौरान दंतैल हाथी से उसका सामना हो गया। बताया जा रहा है कि अंधेरा होने की वजह से वह हाथी को नहीं देख पाया और हाथी ने उसे कुचलकर मार डाला। हाथी ने उसके शव के कई टुकड़े कर दिए। कहीं उसका सिर पड़ा था तो कहीं धड़। हाथी ने शव को क्षत-विक्षत कर करीब 200 मीटर के क्षेत्र में फैला दिया था। दंतैल हाथी द्वारा ग्रामीण को मार डालने की सूचना मिलते ही रात 9:00 बजे रेंजर उत्तम मिश्रा पिकअप लेकर वन अमले के साथ मौके पर पहुंचे। वे शव बरामद कर ले जाना चाह रहे थे लेकिन ग्रामीणों ने उन्हें यह कहते हुए वहां से भगा दिया कि हम शव नहीं उठाने देंगे। मृतक के परिजन को भी वन विभाग द्वारा सूचना नहीं दी गई है। सोमवार की सुबह 7:00 बजे से ही क्षेत्र के ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए। यहां पहुंचे रेंजर से उन्होंने शव के बिखरे टुकड़े को बोरे में उठवाया।